मूसलाधार बारिश के बीच जिलाधिकारी व नगर आयुक्त ने शहर का किया निरीक्षण

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

– जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर, सभी जोनों में नगर निगम की टीमें सक्रिय

लखनऊ। शहर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी श्री विशाख जी एवं नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी एवं जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

*जोन-4 के विभिन्न क्षेत्रों का लिया जायजा*
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जोन-4 स्थित ताज अंडरपास, गोमती नगर पंपिंग स्टेशन, जनेश्वर मिश्र रेलवे अंडरपास तथा कठौता झील के निकट सपना स्वीट्स क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान जल निकासी की व्यवस्था, पंपिंग स्टेशन की स्थिति तथा बारिश के कारण उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं की जानकारी ली गई।

*जोन-3 में पंपिंग स्टेशनों और जल निकासी व्यवस्था की जांच*
इसके बाद जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त ने जोन-3 स्थित जानकीपुरम पंपिंग स्टेशन तथा बैरल नंबर-2, बंधा रोड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित टीमों से जल निकासी एवं पंपिंग व्यवस्था की जानकारी लेते हुए लगातार सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*सभी जोनों में नगर निगम की टीमें सक्रिय*
नगर निगम की टीमें शहर के सभी जोनों में लगातार सक्रिय हैं। जलभराव की संभावना वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही विभिन्न स्थानों पर नालियों एवं जल निकासी मार्गों की सफाई कराई जा रही है, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारु रूप से होती रहे और कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

*नगर आयुक्त ने कहा—जलभराव रोकने के लिए पूरी व्यवस्था सुनिश्चित*
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने बताया कि शहर में नगर निगम की टीमें लगातार सक्रिय हैं और सभी संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। नगर निगम की टीमें जल निकासी, सफाई और अन्य आवश्यक कार्यों में लगातार जुटी हुई हैं।

*स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम से की गई मॉनिटरिंग*
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम पहुंचकर शहर में बारिश से संबंधित व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग का जायजा लिया। कंट्रोल रूम के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार संबंधित टीमों को मौके पर भेजकर कार्रवाई की जा रही है।

*गिरे पेड़ों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश*
जिलाधिकारी श्री विशाख जी ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के कारण जिन भी क्षेत्रों में पेड़ गिरने की सूचना प्राप्त हो, वहां संबंधित टीम को तत्काल भेजकर पेड़ हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात एवं आमजन की आवाजाही प्रभावित न हो।

*नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी*
नगर निगम की ओर से बारिश एवं जलभराव से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम का टोल फ्री नंबर 1533 जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त नागरिक 9219902911, 9219902912, 9219902913 एवं 9219902914 पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान जलभराव, गिरे हुए पेड़ अथवा अन्य किसी समस्या की सूचना तत्काल नगर निगम के कंट्रोल रूम को दें, ताकि संबंधित टीम को मौके पर भेजकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *