लखनऊ वरिष्ठ सपा नेता राम गोविंद चौधरी के निधन पर उनके आवास पहुंचकर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अर्पित की श्रद्धांजलि

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में पूर्व नेता विरोधी दल श्री राम गोविंद चौधरी के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। श्री अखिलेश यादव ने आज सुबह ही श्री राम गोविंद चौधरी के निशातगंज स्थित लखनऊ आवास पर पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि श्री राम गोविंद चौधरी समाजवादी आंदोलन के नेता थे। वह उस पीढ़ी के थे, जब समाजवादी आंदोलन को पहचान बनानी थी। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजवादी आंदोलन के लिए लगा दिया। श्री राम गोविंद चौधरी ने जेपी आंदोलन से जुड़कर श्री जयप्रकाश नारायण जी के साथ काम किया। पूर्व प्रधानमंत्री श्री चंद्रशेखर जी, छोटे लोहिया श्री जनेश्वर मिश्र, नेताजी और उनकी पीढ़ी के साथ मिलकर काम किया और समाजवादी आंदोलन को मजबूत किया।
श्री राम गोविंद चौधरी सड़क से सदन तक अपनी बात को बहुत प्रभावी ढंग से रखते थे। हमने उन्हें सदन में मंत्री के रूप में और नेता विरोधी दल के रूप में देखा। सदन में अपनी बात रखने, सरकार को घेरने, सरकार तक अपनी बात पहुंचाने और जन समस्याओं को उठाने का उनका तरीका बहुत प्रभावी होता था। वह गरीब, किसान, गांव और कमजोरों के लिए संघर्ष करते थे, उनके साथ हमेशा खड़े होते थे। भेदभाव और अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ते थे।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि श्री राम गोविंद चौधरी के निधन से समाजवादी आंदोलन को बड़ी क्षति हुई है। समाजवादी पार्टी को बड़ा नुकसान हुआ है। इस दुख की घड़ी में हम सभी समाजवादी लोग उनके परिवार के साथ हैं। हम सबको उनकी कमी हमेशा खलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *