यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
लखनऊ। भाजपा लखनऊ महानगर कार्यालय, कैसरबाग में आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत आईटी विभाग के विधानसभा संयोजकों एवं मंडल संयोजकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने की। बैठक में आईटी संयोजक उत्तम मिश्रा, सह संयोजक सतीश अडवानी एवं मणिकांत शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, अभियानों एवं पार्टी की गतिविधियों की जानकारी को सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में आईटी और सोशल मीडिया संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। विधानसभा से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक आईटी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाते हुए पार्टी के कार्यक्रमों, अभियानों और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचानी होगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की गतिविधियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करे। आगामी कार्यक्रमों की जानकारी समयबद्ध तरीके से कार्यकर्ताओं और आम जनता तक पहुंचे, इसके लिए विधानसभा एवं मंडल स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाए।
बैठक में आगामी अभियानों के डिजिटल प्रचार-प्रसार, सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ाने, बूथ स्तर तक सूचनाओं के प्रभावी संचार तथा संगठन के कार्यक्रमों को व्यापक जनसंपर्क से जोड़ने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सभी संयोजकों से अपने-अपने क्षेत्रों में आईटी टीम को और अधिक सक्रिय करने पर जोर दिया गया।