समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यालय में नव निर्वाचित सदस्यों से की मुलाकात कहा भाजपा बन चुकी फ्लॉप शो

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि विधान परिषद का चुनाव परिणाण शुरुआत है, भाजपा फ्लाप शो बन गयी है। भाजपा गिनती में पांच सीट के साथ पचास जिलों-शहरों में हारी है। चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग करते हुए रात भर जिस तरह से धांधली का प्रयास किया, लोगों को संघर्ष करना पड़ा इससे आम जनता के बीच संदेश चला गया कि भाजपा बेईमान पार्टी है, धोखा देने वाली पार्टी है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा छह सीटे छल से जीती है जबकि समाजवादी पार्टी जनता के बल से जीती है, अगर भाजपा सरकार ने छल नहीं किया होता बीजेपी कभी छह सीटें नहीं जीत पाती। भाजपा के पास धन बल है तो मुकाबला करने के लिए समाजवादी पार्टी के पास जन बल है।
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर पार्टी के नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों और प्रत्याशियों से मुलाकात और स्वागत के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इसी मेहनत और लगन से पीडीए की ताकत को और मजबूत करेगी। सामाजिक न्याय की राज की स्थापना के लिए बाबा साहब डा. भीम राव अम्बेडकर द्वारा दिए गए संविधान के अनुसार काम करते हुए लोकतंत्र को मजबूत करेगी। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद धूमधाम की तैयारी करने वाले धड़ाम से गिर गए। गोरखपुर में समाजवादी पार्टी को हराते-हराते मुख्यमंत्री जी ने भाजपा का काम तमाम कर दिया।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि इस चुनाव के परिणाम से भाजपा का सब गणित गड़बड़ा गया है जबकि समाजवादी पार्टी के साथ श्री संजयन त्रिपाठी हैं, डा.आकाश अग्रवाल हैं, वैश्य समाज सपा से जुड़ गया हैं। आधंी आबादी श्रीमती कांति सिंह साथ हैं, श्री आशुतोष सिन्हा कायस्थ समाज सपा के साथ है, श्री लाल बिहारी जी पहले से हैं, डा. मान सिंह ने भारी मतों से जीत कर मान बढ़ाया है।
इससे पहले सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने श्री अखिलेश यादव से मिलकर आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद किया। श्री अखिलेश यादव ने सभी विधान परिषद सदस्यों को बधाई देते हुए मतदाताओं का आभार प्रकट किया। उन्होंने इस चुनाव में संघर्ष करने वाले, मतदाताओं बीच जाने वाले, मतगणना में पूरी रात संघर्ष करने वाले सभी कार्यकर्ताओं-नेताओं का भी आभार प्रकट किया।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव में वाराणसी के लोगों ने डबल इंजन को काशी में डुबो दिया है। वहीं आगरा से डा. आकाश अग्रवाल का जीतना समाजवादी पार्टी के लिए गिफ्ट है। गोरखपुर में मुख्यमंत्री जी के गोरखधंधा के कारण डा. संजयन त्रिपाठी नहीं जीत पाए। समाजवादी पार्टी के सभी प्रत्याशियों ने लड़कर संदेश दिया कि लोकतंत्र को कभी खत्म नहीं होने देंगे। जनता की आवाज को मजबूत करेंगे।
इस अवसर पर वाराणसी शिक्षक क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य श्री लाल बिहारी यादव, इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य डा. मान सिंह यादव, लखनऊ स्नातक क्षेत्र की नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य श्रीमती कांति सिंह, वाराणसी स्नातक क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य श्री आशुतोष सिन्हा, आगरा शिक्षक क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य डॉ.आकाश अग्रवाल, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र के प्रत्याशी रहे श्री संजयन त्रिपाठी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव का धन्यवाद करते हुए प्रदेश के मतदाताओं, समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार प्रकट किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *