संदिग्ध परिस्थितियों में चार भैंसों की मौत

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

सह संपादक कपिल गुप्ता

शिवगढ़ (रायबरेली)।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रायपुर नेरुवा में शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक किसान की चार भैंसों की मौत हो गई। मृत भैंसों की बाजारू कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। एक साथ चार भैंसों की मौत से किसान के परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रायपुर नेरुवा निवासी कृषक राम प्रसाद रावत के मुताबिक, शनिवार की सुबह करीब 4:30 बजे अचानक एक भैंस जमीन पर गिरकर तड़पने लगी। भैंस के गिरने की आवाज सुनकर राम प्रसाद व उनके परिजन घर के बाहर पहुंचे तो दूसरी भैंस भी जमीन पर गिर चुकी थी। देखते ही देखते अन्य दो भैंसों की भी हालत बिगड़ गई। परिजन उपचार के लिए चिकित्सक को बुलाने की कोशिश करते रहे, लेकिन करीब एक घंटे के भीतर चारों भैंसों ने दम तोड़ दिया। राम प्रसाद ने बताया कि उन्होंने भैंसों को खेतों से लाई गई घास खिलाई थी। वहीं ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि खेतों में कीटनाशक का छिड़काव किया गया था सम्भवत: उसी खेत की घास खाने से भैंसों की हालत बिगड़ी हो सकती है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमेश चंद्र ने मृत भैंसों के सैंपल लिए हैं। उन्होंने बताया कि सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही भैंसों की मौत के सही कारण की पुष्टि हो सकेगी। एक साथ चार भैंसों की मौत से किसान राम प्रसाद के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने किसान को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *