यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुसूचित जाति विभाग, राजेंद्र पाल गौतम की उपस्थिति में ‘छात्र नेताओं के साथ संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर प्रदेश भर के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के वर्तमान व पूर्व छात्रसंघ अध्यक्षों, पदाधिकारियों तथा उत्साही छात्र नेताओं ने एक मंच पर जुटकर राज्य के सामाजिक, शैक्षणिक व राजनीतिक परिदृश्य पर विस्तृत चर्चा की। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव/प्रभारी, अवध ज़ोन श्री अब्दुल हन्नान भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री राजेंद्र पाल गौतम जी ने कहा कि देश और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की नींव हमारे युवाओं के हाथों में है। उन्होंने शिक्षा के गिरते स्तर, रोजगार के संकट और छात्र अधिकारों के हनन पर चिंता व्यक्त करते हुए छात्र नेताओं को लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया। श्री गौतम ने स्पष्ट किया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस युवाओं की आवाज़ को हर मंच पर मजबूती से उठाने और उनके अधिकारों की लड़ाई में हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने के लिए संकल्पबद्ध है।
संवाद के दौरान शिक्षा, रोजगार और छात्र हितों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर खुले मन से विचार-विमर्श किया गया तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं व नीतियों में युवाओं की निर्णयकारी भूमिका को रेखांकित किया गया।
“संवाद से विचार, विचार से भागीदारी और भागीदारी से परिवर्तन” इसी मूल मंत्र को दोहराते हुए राजेंद्र पाल गौतम जी ने युवाओं से एकजुट होकर एक नए और सशक्त उत्तर प्रदेश के निर्माण में अग्रणी सहभागिता निभाने की अपील की।