अतिक्रमण पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: जोन-1 और जोन-3 में चला सघन अभियान, दर्जनों अवैध कब्जे हटाए गए, ट्रक भर सामान जब्त

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी

– नगर आयुक्त के निर्देश पर शहरभर में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान तेज

लखनऊ: नगर निगम ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को सघन एवं बहुस्तरीय अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का उद्देश्य प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु करना तथा आमजन को सुविधा उपलब्ध कराना है।

*जोन-1 में कैसरबाग से बापू भवन तक हटाए गए अवैध अतिक्रमण*
नगर निगम के जोन-1 क्षेत्र में कैसरबाग कैंट रोड से बार्लिटन चौराहा, रतन स्क्वायर होते हुए बापू भवन तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए तथा एक ट्रक सामान जब्त किया गया। यह कार्रवाई जोनल अधिकारी श्री ओम प्रकाश सिंह, कैसरबाग इंस्पेक्टर एवं उनकी टीम तथा प्रवर्तन विभाग (296) की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

*जोन-3 में इसरो की दीवार के पास हटाई गई 60 से 70 अवैध दुकानें*
जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री अजीत राय के निर्देश पर कुर्सी रोड से सरगम अपार्टमेंट तक भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) की दीवार के पास सड़क पर लगने वाली अवैध फल एवं सब्जी मंडी के विरुद्ध अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान लगभग 60 से 70 अवैध दुकानें हटाई गईं। साथ ही एक स्टील काउंटर, एक लोहे का काउंटर, एक ठेला, एक पानी का जार, तीन तिरपाल तथा लगभग 20 कैरेट सहित अन्य सामान जब्त किया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि हटाए गए स्थानों पर पुनः अवैध अतिक्रमण न हो, इसके लिए क्षेत्रीय पुलिस विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *