यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश
कोंच मोबाइल हैक कर 9 हजार रुपए पार कर देने का साइबर क्राइम से जुड़ा एक मामला सामने आया है। पीड़ित व्यक्ति ने मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अखनीबा निवासी एवं वर्तमान में मलंगा पुल रॉयल गार्डन कोंच के समीप रहने वाले ध्रुव कुमार पुत्र रामलखन ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका पंजाब नेशनल बैंक की कोंच शाखा में बचत खाता है। बीती 24 जुलाई को उसके बचत खाते में ऑनलाइन माध्यम से 15 हजार रुपए प्राप्त हुए थे। उक्त रुपए में से उसने 6 हजार रुपए दूसरे बचत खाते में स्थानांतरित कर दिए थे जबकि शेष 9 हजार रुपए इसी बचत खाते में मौजूद थे। ध्रुव के अनुसार, उसी दिन किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल नंबर हैक कर उसके बचत खाते से 9 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। बचत खाते से रकम निकलने की जानकारी होते ही वह बैंक शाखा पहुंचा और अपनी शिकायत बताई। बैंक कर्मियों ने बताया कि मोबाइल हैक होने के कारण साइबर ठगों ने बचत खाते से रुपये निकाल लिए हैं। मामले को लेकर पीड़ित ध्रुव ने पुलिस से कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।